ज्योतिर्मठ।
आजादी के बाद वर्षो तक संघर्ष के उपरांत किसी तरह सेलंग -सलूड़ डुंग्रा मोटर मार्ग व उसके बाद डुंग्रा से पगनो -मोल्टा सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली, लेकिन इन सड़कों के निर्माण मे मानकों की धज्जियाँ उड़ाकर लोगों की जान को खतरे मे डाल रखा है, इससे गुस्साए सात ग्राम सभाओं के ग्रामीणों ने मंगलवार को ढ़ोल नगाड़ो के साथ तहसील मुख्यालय ज्योतिर्मठ मे जोरदार प्रदर्शन कर डीएम को सम्बोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य कामरेड भरत सिंह कुंवर के नेतृत्व मे सड़क के लिए जिम्मेदार निर्माणदायी विभाग के ईई के पुतला लेकर पूरे नगर मे प्रदर्शन कर पुतला दहन किया, इसके उपरांत जुलूस की शक्ल मे तहसील मुख्यालय पहुंचकर सांकेतिक धरना व जनसभा आयोजित की गई।
जनसभा को सम्बोधित करते हुए कामरेड कुंवर ने कहा कि जान जोखिम मे डालने वाली इस सड़क की मरम्मत एवं चौड़ीकारण सहित विभिन्न कार्यों के लिए लगातार पत्राचार के बाद साढ़े आठ करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई, लेकिन इस धनराशि को सिर्फ कागजों मे खर्च किया जा रहा है, चौड़ीकारण के बजाय पुरानी दीवाल की खोलकर नई बनाई जा रही है, डामर को खोदकर सड़क के दोनों ओर डंप किया जा रहा है जो दुर्घटना को न्योता दे रहा है।
उन्होंने कहा कि सेलंग-सलूड़ डुंग्रा तथा डुंग्रा से मोल्टा-पगनो सड़क निर्माण मे हो रहे भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जाँच के लिए 16जून 2025को तत्कालीन जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया था जिस पर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को जाँच के आदेश दिए थे जो आज तक नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि पूरा शासन व प्रशासन तंत्र भ्रष्टाचार मे आकंठ डूबा है और वदहाल सड़कों पर लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया है।
पूर्व प्रधान दिगंबर सिंह बिष्ट के संचालन मे हुई इस सभा को प्रभावित ग्राम सभाओं के प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, पूर्व प्रधानों व ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के अलावा उक्रांद के अरुण कुमार शाह व टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष चंडी बहुगुणा आदि ने भी सम्बोधित किया।
जनसभा के बाद ज्योतिर्मठ तहसील मुख्यालय पहुंचे अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश को ज्ञापन सौंपा गया जिसमें कहा गया है कि 15दिनों के अंदर उपरोक्त सड़कों पर हुई वित्तीय अनियमितता की जाँच के साथ मानकों के अनुसार निर्माण कार्य नहीं किए जाते तो क्षेत्र की संपूर्ण जनता शासन- प्रशासन के खिलाफ जनआंदोलन के लिए विवश होगी।
ज्ञापन पर कामरेड भरत सिंह कुंवर के अलावा सेलंग की प्रधान रोशना, पगनो के प्रधान रमेश चन्द्र, डुंग्री बरोसी के प्रधान सुभाष, सलूड़ की प्रधान सुनीता देवी, मोल्टा की प्रधान संगीता देवी पैनी की विनीता देवी, के अलावा क्षेत्र पंचायत सदस्य वर्षा बिष्ट, व मोनिका पंवार के हस्ताक्षर हैं।












