डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक बयान और सोने पर बढ़ाई गई इंपोर्ट ड्यूटी के विरोध में बृहस्पतिवार को सर्राफा व्यापारियों ने डोईवाला नगर में कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। उत्तराखंड सर्राफा एवं स्वर्णशिल्पी संगठन के आह्वान पर व्यापारियों ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन करते हुए बाजार बंद की चेतावनी भी दी। गुरुवार को शाम करीब सात बजे ज्वेलर्स एसोसिएशन एवं सर्राफा मंडल से जुड़े व्यापारी डोईवाला नगर चौक पर एकत्रित हुए और कैंडल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री द्वारा एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने संबंधी सार्वजनिक अपील का सीधा असर सर्राफा कारोबार पर पड़ रहा है। साथ ही, सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सर्राफा व्यापारियों का कहना है कि इस तरह के बयानों और नीतियों से लाखों व्यापारियों एवं स्वर्णशिल्पियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी कम करने और सार्वजनिक बयान पर पुनर्विचार करने की मांग की। इस दौरान सुरेंद्र कक्कड़, संदीप रस्तोगी, अनुज गुप्ता, राहुल जिंदल, भारत वर्मा आदि उपस्थित रहे।











