
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राजकीय आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज, बड़ोंवाला (जौलीग्रांट) में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा स्कूल के रिकॉर्ड रूम में तोड़फोड़ करने, महत्वपूर्ण दस्तावेज जलाने और सीसीटीवी कैमरा चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार देर रात करीब 12:40 बजे की बताई जा रही है। पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में तीन अज्ञात लोगों के स्कूल परिसर में प्रवेश करने की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में तीन लोगों के दिखाई देने की बात सामने आई है, जिनमें एक युवती के भी शामिल होने की जानकारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में लगा एक सीसीटीवी कैमरा गायब है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि रिकॉर्ड रूम और प्रधानाचार्य कक्ष में तोड़फोड़ की गई और कुछ दस्तावेजों को जला दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी मिलने पर नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, सभासद नरेश मनवाल और विनीत मनवाल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं क्षेत्र का माहौल खराब करती हैं और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा करती हैं। शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घटना होना गंभीर विषय है।
बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही डोईवाला क्षेत्र के एक राजकीय विद्यालय में भी चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही इस प्रकार की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है और उन्होंने पुलिस से घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।











