डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। जौलीग्रांट चौकी क्षेत्र के अंतर्गत अठूरवाला में किरायेदारों का सत्यापन कराने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डोईवाला एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। बृहस्पतिवार को नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करतार नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता डोईवाला तहसील मुख्यालय पहुंचे और ज्ञापन दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि क्षेत्र में किरायेदारों के सत्यापन की मांग पूर्व में भी की गई थी, लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी ने बताया को बीती 22 जुलाई को वार्ड संख्या 9 में किरायेदारों द्वारा भवन स्वामी बीरेंद्र पड़ियार और प्रेमदत्त घिल्डियाल पर जानलेवा हमला किया गया था। घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने का भी उन्होंने आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रह रहे किरायेदारों का जल्द सत्यापन कराया जाए और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर गंभीरता से संज्ञान लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर सत्यापन की कार्रवाई नहीं की गई और क्षेत्र में बढ़ रही अराजकता पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस कार्यकर्ता क्रमिक अनशन शुरू करने को मजबूर होंगे। इस दौरान जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, नगर महासचिव प्रवीण सैनी, बालेन्दर सजवान, संजीव भट्ट आदि मौजूद रहे।











