डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने शनिवार को श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धाम क्षेत्र में तैनात एसडीआरएफ टीमों, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं यात्रा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
सेनानायक ने मंदिर परिसर, मुख्य यात्रा मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों, भीड़ नियंत्रण प्वाइंट्स एवं अन्य संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में तैनात एसडीआरएफ टीमों की कार्यप्रणाली, रेस्क्यू तैयारियों एवं उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए जवानों को सतर्कता एवं समर्पण के साथ ड्यूटी निर्वहन करने के निर्देश दिए।
साथ ही, ड्यूटी में तैनात जवानों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद कर मौके पर मौजूद चुनौतियों, भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा आईटीबीपी अधिकारियों एवं जवानों के साथ संयुक्त रूप से यात्रा व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने एसडीआरएफ, जिला पुलिस एवं आईटीबीपी कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कठिन भौगोलिक परिस्थितियों एवं चुनौतीपूर्ण वातावरण में किए जा रहे उनके समर्पित कार्यों की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि श्री हेमकुंड साहिब के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से एसडीआरएफ द्वारा पोस्ट हेमकुंड एवं घांघरिया में विशेष टीमें व्यवस्थापित की गई हैं। जो यात्रा अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता एवं आपदा प्रबंधन कार्यों के लिए निरंतर तैनात रहेंगी।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, त्वरित सहायता एवं प्रभावी समन्वय एसडीआरएफ की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए एसडीआरएफ निरंतर प्रतिबद्ध है।











