देहरादून, (प्रियांशु सक्सेना)। चारधाम यात्रा के दृष्टिगत श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाए जाने के लिए एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर केदारनाथ धाम, पैदल मार्गों एवं विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उन्होंने भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन रिस्पॉन्स सिस्टम, सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने यात्रा ड्यूटी में तैनात विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के अधिकारियों-कर्मचारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही एटीएस टीम के साथ भी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित रिस्पॉन्स को लेकर चर्चा की। उन्होंने केदारनाथ में स्थापित एसडीआरएफ पोस्टों का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों से संवाद किया। वही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले एसडीआरएफ जवानों को प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
धाम स्थित अस्पताल पहुंचकर सेनानायक ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से मुलाकात की और यात्रा अवधि में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके बाद वह पैदल मार्ग से लिनचोली पहुंचे, जहां मेडिकल फर्स्ट रेस्पॉन्डर पोस्ट पर तैनात पैरामेडिक्स को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान सांस लेने में दिक्कत से परेशान एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु को तत्काल ऑक्सीजन उपलब्ध कराई गई। यात्रा मार्ग में सेनानायक ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं फीडबैक भी लिया। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, त्वरित राहत एवं बेहतर समन्वय एसडीआरएफ की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।











