डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्रताप टीएनआई क्रिकेट स्कूल के तत्वावधान में आयोजित होने वाले रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट ‘टीपीएल’ के मेगा ऑक्शन में खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगी। ऑक्शन में छह फ्रेंचाइजी टीमों ने हिस्सा लेते हुए आगामी 8वें टीपीएल सीजन-2026 के लिए खिलाड़ियों को अपनी टीमों में शामिल किया। मेगा ऑक्शन में प्रताप रॉयल चैलेंजर्स, प्रताप सुपरकिंग्स, प्रताप ब्लैक पैंथर्स, प्रताप टाइटंस, प्रताप अवेंजर्स और कुसुम नाइट राइडर्स टीमों ने खिलाड़ियों की खरीदारी की। इस दौरान ऑलराउंडर खिलाड़ी पीयूष कुकरेती सबसे महंगे खिलाड़ी बने, जिन्हें प्रताप रॉयल चैलेंजर्स टीम ने सर्वाधिक राशि में खरीदा। वहीं, प्रताप ब्लैक पैंथर्स और कुसुम नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी ने भी खिलाड़ियों पर खुलकर बोली लगाई। आयोजन समिति ने बताया कि कुसुम देवी मेमोरियल रात्रि क्रिकेट टूर्नामेंट (टीपीएल) भानियावाला में आईपीएल की तर्ज पर आयोजित किया जाता है। टीपीएल आयोजन बोर्ड के निदेशक जतिन चौहान ने कहा कि प्रताप टीएनआई प्रीमियर लीग क्षेत्र का पहला रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट है और इस वर्ष इसका 8वां सीजन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं में खेल के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है। इस अवसर पर प्रताप इंस्टीट्यूट के निदेशक नितिन सिंह चौहान, मुख्य परिचालन प्रबंधक भानु प्रताप, ऑक्शन रिप्रेजेंटेटिव विक्रम रावत, आयोजन बोर्ड के सचिव अरुण कुकरेती, रवि कुकरेती, आनंद प्रकाश भट्ट, प्रदीप लिंगवाल, अभिषेक जोशी और गौरव आदि मौजूद रहे।











