डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र में सीवर नेटवर्क स्थापित किए जाने की मांग को लेकर डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा को ज्ञापन सौंपा। गौरतलब है कि वर्ष 2018 में डोईवाला नगर पालिका परिषद का सीमा विस्तार हुआ था। इसके बाद वार्डों की संख्या 7 से बढ़कर 20 हो गई और नगर का क्षेत्रफल 2.91 वर्ग किमी से बढ़कर 32.60 वर्ग किलोमीटर हो गया। इसके अलावा वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, नगर की जनसंख्या 8,705 से बढ़कर 55,791 हो गई थी, जबकि वर्तमान में अनुमानित जनसंख्या लगभग एक लाख के आसपास पहुंच चुकी है। नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि डोईवाला नगर क्षेत्र में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। यहां प्रदेश का सबसे बड़ा जौलीग्रांट एयरपोर्ट, हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट, सीपेट डोईवाला, एसडीआरएफ मुख्यालय, बीएसएफ, डोईवाला शुगर मिल तथा विभिन्न कॉलेजों और सरकारी विभागों के कार्यालय स्थित हैं। इसके अलावा, डोईवाला राज्य की राजधानी देहरादून का प्रवेश द्वार होने के कारण यहां अस्थायी आबादी का भी लगातार दबाव बना रहता है। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में अभी तक सीवर नेटवर्क की कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। ऐसे में बढ़ती आबादी और शहरी विकास को देखते हुए सीवर नेटवर्क की सुदृढ़ व्यवस्था आवश्यक हो गई है। बताया गया कि पूर्व में कई बार सीवर लाइन बिछाने के लिए सर्वेक्षण भी किए गए, लेकिन आज तक धरातल पर कोई प्रगति नहीं दिखाई दी। उन्होंने जनहित में सीवर नेटवर्क योजना को शीघ्र क्रियान्वित कराने तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।











