डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका की टीम ने डोईवाला क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित गोवंशों को पकड़कर गौशाला भेजा। बुधवार को चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने नगर क्षेत्र से कुल सात निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित रूप से पकड़कर भोपालपानी स्थित गौशाला भिजवाया। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि नगर क्षेत्र में निराश्रित गोवंशों के कारण यातायात बाधित होने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। नागरिकों की शिकायतों एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी निराश्रित पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रखी जाएगी, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।










