डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 02 नुन्नावाला आर्यनगर के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से बनी लो वोल्टेज की समस्या के समाधान की मांग को लेकर स्थानीय सभासद सुरेश सैनी ने विद्युत विभाग के एसडीओ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि नुन्नावाला, तुर कॉलोनी, यादव मोहल्ला, चंद्रलोक कॉलोनी, भगीरथी कॉलोनी, सोहन एन्क्लेव समेत कई क्षेत्रों में काफी समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इसके कारण उपभोक्ताओं को पर्याप्त विद्युत वोल्टेज नहीं मिल पा रहा है। जिस कारण पंखे, कूलर, फ्रिज, मोटर तथा अन्य विद्युत उपकरण सुचारु रूप से कार्य नहीं कर रहे हैं। इससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सभासद सुरेश सैनी ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि नुन्नावाला गुरुद्वारे एवं तुर कॉलोनी के पास स्थापित ट्रांसफार्मर कम क्षमता के हैं। इसलिए इन ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को पर्याप्त वोल्टेज के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके। उन्होंने विद्युत विभाग से क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, एसडीओ ने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। मौके पर पूर्व प्रधान रामकिशन आदि उपस्थित रहे।










