डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्राचीन सिद्ध महादेव मंदिर, रानीपोखरी में आयोजित शिव महापुराण कथा के समापन अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शामिल होकर कथा का श्रवण किया। उन्होंने व्यास पीठ पर विराजमान व्यास जी का आशीर्वाद लिया और सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि तथा प्रदेश की मंगलकामना की। ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव की महिमा का स्मरण और शिव महापुराण का श्रवण मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सकारात्मकता का संचार करता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से हमारी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं मजबूत होती हैं। साथ ही, समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि भगवान सिद्ध महादेव की पावन भूमि रानीपोखरी में आयोजित शिव महापुराण कथा से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, उनके जीवन प्रसंगों और सनातन धर्म के मूल संदेशों को जानने का अवसर मिला। इस अवसर पर चंद्र सिंह, बलराम सिंह, कामेश रावत, रविंद्र पुंडीर आदि मौजूद रहे।











