डोईवाला, (प्रियांश सक्सेना): लच्छीवाला सोंग नदी पर सिंचाई के लिए बनाया गया अस्थायी बांध टूटने से किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो गया था। तमाम प्रयासों के बावजूद बांध की मरम्मत नहीं होने पर रविवार को किसानों ने स्वयं मोर्चा संभाला और जेसीबी मशीन की मदद से बांध को दोबारा दुरुस्त कर लिया। बांध को दुरुस्त करने के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौके पर मौजूद रहे और अपने स्तर से निर्माण कार्य में सहयोग किया। अस्थायी बांध दोबारा तैयार होने से अब किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए राहत मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर धान की फसल के लिए इस समय पानी की आवश्यकता को देखते हुए बांध तैयार होने से किसानों को काफी लाभ मिलेगा। किसानों ने कहा कि खेती में पहले से ही कई तरह की परेशानियां हैं। ऐसे में सिंचाई व्यवस्था बाधित होने से उनकी चिंता और बढ़ गई थी। अपने प्रयासों से बांध तैयार होने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली। सभासद रियासत अली मोंटी ने बताया कि सरकारी स्तर से मदद नहीं मिलने पर किसानों ने स्वयं के प्रयासों से जेसीबी मशीन की सहायता लेकर अस्थायी बांध को दोबारा तैयार कराया है। उन्होंने कहा कि धान की फसल के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण है और बांध बनने से किसानों को सिंचाई के लिए काफी राहत मिलेगी।











