डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। देहरादून (जौलीग्रांट) एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह नियमित निरीक्षण के दौरान छत से पानी का रिसाव होने और जिप्सम फॉल्स सीलिंग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने मामला सामने आया। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन की मेंटेनेंस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कारणों की जांच शुरू कर दी। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब छह बजे रोजाना की उड़ान सेवाएं शुरू होने से पहले भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की टीम टर्मिनल भवन का नियमित निरीक्षण कर रही थी। इस दौरान आगमन क्षेत्र के मेजेनाइन फ्लोर पर छत से पानी का रिसाव देखा गया। जांच में जिप्सम फॉल्स सीलिंग का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त मिला। एएआई की मेंटेनेंस टीम ने तत्काल पानी के रिसाव के कारण का पता लगाया। जांच में सामने आया कि फर्स्ट सिक्योरिटी होल्ड एरिया में लगे एक वाटर फाउंटेन को पेयजल आपूर्ति करने वाली पानी की पाइप क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे रातभर पानी का रिसाव होता रहा और टर्मिनल की फॉल्स सीलिंग के एक छोटे हिस्से में पानी फैल गया। पानी के कारण कमजोर हुई सीलिंग का हिस्सा सुबह नीचे गिर गया। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक पाइप की मरम्मत और क्षतिग्रस्त हिस्से की आवश्यक मरम्मत का कार्य जारी है। एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपेश सीएच नेगी ने बताया को घटना का एयरपोर्ट संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। सभी उड़ान सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।











