डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी का मंगलवार शाम डोईवाला पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। देहरादून में पदभार ग्रहण करने के बाद डोईवाला पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जोश भरा। सपा नेता फुरकान अहमद कुरैशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शुगर मिल रोड स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नए नेतृत्व पर खुशी जताई। प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और जीत हासिल करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस, दोनों को मौका दे चुकी है, लेकिन उनके अनुसार दोनों दल जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के कार्यकाल में किसान, बुजुर्ग, युवा और महिलाएं निराश हुए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में जनता बदलाव चाहती है। संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा और नए लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर मशकूर अहमद, डॉ. सादिक, हरिकिशन चौहान, मोहम्मद शराफत साबरी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।














