डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका परिषद डोईवाला की ओर से नगर क्षेत्र में निराश्रित स्वान पशुओं के बंध्याकरण एवं वैक्सीनेशन का अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को पालिका की टीम ने वार्ड संख्या 19, 20 और जौलीग्रांट एयरपोर्ट परिसर क्षेत्र से कुल आठ निराश्रित स्वानों को ह्यूमन वर्ल्ड फाउंडेशन इंडिया के सहयोग से पकड़कर सेंटर में भेजा गया। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि निराश्रित स्वानों की संख्या को नियंत्रित करने और उन्हें विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से बंध्याकरण एवं वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। इसके तहत पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थानों पर चिन्हित निराश्रित स्वानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सेंटर भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार को चांदमारी, अंबेडकर नगर और जौलीग्रांट एयरपोर्ट परिसर से आठ स्वानों को सेंटर भेजा गया। मुख्य सफाई निरीक्षक ने बताया कि अभियान के दौरान स्वानों की सुरक्षा और उनके साथ मानवीय व्यवहार का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। नगर क्षेत्र में निराश्रित स्वानों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।











