डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भाई-बहन के पवित्र त्योहार रक्षा बंधन के अवसर पर पब्लिक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सीमाओं पर तैनात सेना के जवानों और नागरिक पुलिसकर्मियों के लिए अपने हाथों से राखियां तैयार कीं। विद्यालय की ओर से इन राखियों को डोईवाला कोतवाली को भेंट किया गया। रक्षा बंधन पर्व के उपलक्ष्य में विद्यालय में राखी निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने घरेलू सामग्री का उपयोग कर आकर्षक एवं सुंदर राखियां तैयार कीं। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान के द्योतक होते हैं और इन्हें प्रेम एवं उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए। कार्यक्रम के समन्वयक शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक वर्ष विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सेना के जवानों के लिए राखियां तैयार की जाती हैं, जिन्हें आर्मी हेडक्वार्टर भेजा जाता है। इस बार तैयार की गई राखियां डोईवाला कोतवाली को भेंट की गई हैं। उन्होंने बताया कि सुंदर राखियां तैयार करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन में शिक्षिका नीलम बिष्ट, चेतन प्रसाद कोठारी, आलोक जोशी, ओमप्रकाश काला, तेजवीर सिंह और मयंक शर्मा आदि मौजूद रहे।











