
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय, हर्रावाला में परीक्षा परिणाम घोषित न होने को लेकर आंदोलनरत छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। सोमवार रात करीब 1:30 बजे पानी की टंकी पर चढ़े छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह के समक्ष कुलपति से दूरभाष पर वार्ता हुई, जिसमें 10 दिन के भीतर परीक्षा परिणाम घोषित करने का आश्वासन दिया गया।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जब विद्यार्थियों को प्रवेश दिया, उनकी फीस स्वीकार की और परीक्षाएं कराईं, तो अब परिणाम रोककर छात्रों को परेशान करना पूरी तरह अनुचित है। चार वर्ष की पढ़ाई के बाद परिणाम के लिए छात्रों को आंदोलन करने की स्थिति में पहुंचना शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता है।
उन्होंने कहा विद्यार्थियों का भविष्य किसी प्रशासनिक गलती की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में आत्मघाती कदम न उठाएं और शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखें।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव अश्विनी बहुगुणा ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए इस तरह सड़क पर उतरने और मानसिक तनाव झेलने के लिए मजबूर करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ छात्रों की समस्या का समाधान करना चाहिए।
दस दिन में परिणाम घोषित करने का आश्वासन दिया गया है, अब प्रशासन इस आश्वासन को हर हाल में समयबद्ध तरीके से पूरा करे। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि छात्रों की इंटर्नशिप और आगे की शिक्षा किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। यदि निर्धारित समय में परिणाम घोषित नहीं किए गए तो कांग्रेस विद्यार्थियों के हित में आंदोलन को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
इस अवसर पर ओम प्रकाश सती, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष प्रकाश नेगी, कांग्रेस पंचायत संगठन जिलाध्यक्ष राहुल खरोला, आयुष गुप्ता आदि उपस्थित रहे।











