हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली। विकासखंड थराली के अंतर्गत सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुनला गांव के पास संचालित हॉटमिक्स प्लांट को लेकर की जा रही बयानबाजी के बाद प्लांट संचालकों ने अपना पक्ष प्रस्तुत करते हुए नियमानुसार संचालन करने का दावा किया हैं।
दरसअल पिछले कुछ समय से सुनला में संचालित हो रहें हाटमिक्स प्लांट को लेकर कर थराली के ब्लाक प्रमुख प्रवीण पुरोहित सहित कई पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य प्रतिनिधियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए प्लांट की छोटी चिमनी के कारण फैल रहें प्रदूषण, इससे ग्रामीणों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने, प्लांट को बिना आवश्यक स्वीकृतियों के संचालन सहित कई आरोप लगाते हुए प्रशासन से प्लांट के खिलाफ कानूनी आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की हैं। आरोपों के जबाब में प्लांट के संचालक शैलेंद्र अग्रवाल ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सुनला में संचालित हॉटमिक्स प्लांट का संचालन निर्धारित मानकों, आवश्यक सभी अनुमतियां संबंधित विभागों से प्राप्त कर किया जा रहा हैं। संचालक ने बताया कि प्लांट को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुमति मिली हुई है। उन्होंने बताया कि सड़क की ओर, करीब 14 फीट ऊंची चद्दरों से घेराबंदी की गई है। इसके साथ ही आपत्तियों के चिमनी में भी बदलाव किया गया है और उसकी ऊंचाई बढ़ाकर करीब 25 फीट कर दी गई है। संचालक के अनुसार, हॉटमिक्स प्लांट के लिए शासन के द्वारा तय सभी विभागीय अनुमतियां उनके पास उपलब्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्लांट का संचालन निर्धारित मानकों और नियमों के अनुरूप किया जा रहा है। प्रदूषण फैलाने के संबंध में कहा कि चिमनी की ऊंचाई बढ़ा देने से इस समस्या का निराकरण हो गया हैं। उल्लेखनीय हैं कि इन दिनों बीआरओ की देखरेख में सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाटमिक्स किया जा रहा हैं, इसके अलावा श्री नंदादेवी राजजात यात्रा मार्ग थराली -देवाल-वांण राज्य मार्ग पर हाटमिक्स का कार्य किया जा रहा है। इन दोनों ही मोटर मार्गों पर सुनला प्लांट से ही हाटमिक्स सामग्रियों की सप्लाई की जा रही हैं।














