डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पब्लिक इंटर कॉलेज में शनिवार को आयोजित सम्मान समारोह में स्व. कमला नेहरू पुरस्कार के तहत सात मेधावी छात्र-छात्राओं की माताओं को धनराशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन छात्र-छात्राओं ने वर्ष 2025-26 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं रंजना रावत, अंजलि थापा, मंतशा खातून, दिव्यम गिरि गोस्वामी, बुशरा, शिफा और आरूशा परवीन की माताओं हेमंती रावत, लक्ष्मी थापा, छोटी, किरन, नसरीन बानो, परवीन खातून और शबनम को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्हें पुरस्कार की धनराशि के चेक भी सौंपे गए। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने बताया कि कमला नेहरू पुरस्कार के तहत हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं की माताओं को सम्मानित किया जाता है। वर्ष 2025-26 की परीक्षा में विद्यालय के सात छात्र-छात्राओं ने यह उपलब्धि हासिल की, जिसके तहत उनकी माताओं को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने कहा कि बच्चे के भविष्य के निर्माण में माता-पिता का महत्वपूर्ण योगदान होता है। ऐसे में उनकी भूमिका को सम्मान देना आवश्यक है। इस अवसर पर रत्नेश द्विवेदी, भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, विवेक बधानी, सुदेश सहगल, पूजा जोशी, चेतन प्रसाद कोठारी और मयंक शर्मा आदि मौजूद रहे।














