कमल बिष्ट/उत्तराखण्ड समाचार। कोटद्वार। टूरिस्ट संदेश फाॅउण्डेशन द्वारा आज दिनांक 08 मई 2026 को कण्वनगरी संस्कारशाला के तहत युवाओं को संस्कारवान, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने तथा नशे से दूर रहने की प्रेरणा देने के लिए ‘संवाद से समाधान तक’ कार्यक्रम में अंतर उच्च शिक्षण संस्थान भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह भाषण प्रतियोगिता कोटद्वार में नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत आयोजित की गयी थी। नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत सर्वप्रथम किशनपुरी (भाबर) चौक से अनामिका वेडिंग प्वांइट तक एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में एनएसएस के छात्रों ने प्रतिभाग किया। रैली में अटल उत्कृष्ट राजकीय इण्टर कालेज कण्वघाटी, राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज कण्वघाटी, राजकीय इण्टर कॉलेज झण्डीचौड़ तथा एमकेवीएन के बच्चों ने प्रतिभाग किया। वरिष्ठ समाजसेवी सत्य प्रकाश थपलियाल की अध्यक्षता में आयोजित इस भाषण प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि ऋतु खण्डूरी भूषण, उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष के प्रतिनिधि के रूप में विपिन कैंथोला, मुख्य वक्ता नागेन्द्र उनियाल, विशिष्ट वक्ता डॉ० सुरेन्द्र लाल आर्य, आईएचएमएस के प्राचार्य डॉ अश्विनी कुमार शर्मा तथा मयंक प्रकाश कोठारी थे। प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी की छात्रा कुमकुम प्रथम, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा धरा रावत द्वितीय तथा श्वेता बेंजवाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पूर्व प्रधानाचार्या वन्दना भारद्वाज, निजी स्कूल संचालक एसोशिएशन के अध्यक्ष अजयपाल सिंह रावत तथा पूर्व शिक्षक जे.पी. ध्यानी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार, कण्वघाटी महाविद्यालय, भगवंत ग्लोबल विश्वविद्यालय, आईएचएमएस, मालिनी वैली बीएड कॉलेज तथा चन्द्रावती लाॅ काॅलेज कोटद्वार के प्रतिभागियों ने किया। मुख्य अतिथि श्रीमती ऋतु खण्डूरी भूषण ने मोबाइल के माध्यम से अपने सम्बोधन में टूरिस्ट संदेश फाॅउण्डेशन के नशामुक्ति अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि, आज समाज में नशे की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने के लिए इस प्रकार के प्रयासों को बढ़ाने की आवश्यकता है ताकि हमारे युवा समृद्ध राष्ट्र के लिए संस्कार युक्त, नशामुक्त हो सकें। उन्होंने युवाओं से आवाहन करते हुए कहा कि, हमारे युवा देश को समृद्ध करने तथा समाज को नशामुक्त करने का संकल्प लें। कार्यक्रम के अध्यक्ष सत्य प्रकाश थपलियाल ने युवाओं को नशामुक्त रहने के लिए जागरुक करने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि के प्रतिनिधि विपिन कैंथोला ने नशामुक्ति जागरूकता अभियान को व्यापक रूप से चलाने के लिए सभी स्कूलों कालेजों में नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार नागेन्द्र उनियाल ने कहा कि, युवाओं को संस्कारवान बनाने के लिए माता-पिता को भी संस्कारित व्यवहार करने की आवश्यकता है। शादी-विवाह आदि समारोहों में मादक द्रव्यों का प्रचलन बढ़ता जा रहा है, उस पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है। मयंक प्रकाश कोठारी ने युवाओं में संस्कारित करने के लिए मिशन चलाने तथा प्रत्येक संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को जागरूक करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में कै. पी एल खन्तवाल (सेनि.), राजेन्द्र प्रसाद पंत, वरिष्ठ पत्रकार कमल बिष्ट, सूरज कुकरेती, पूर्व प्रधानाचार्य शंकर दत्त गौड़, चित्तमणी देवलियाल, राजकुमारी रांगडा, भावना पाण्डेय, पी.एन. मिश्रा, शैलेश बड़थ्वाल, सत्य नारायण नौटियाल, प्रदीप भट्ट, डॉ० अनुराग शर्मा, डॉ० सुषमा थलेडीभट्ट, डॉ० सुनीता नौटियाल, ज्योति नेगी, सुन्दर लाल जोशी, कमल जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राकेश मोहन ध्यानी ने किया तथा अरविन्द दुदपुड़ी ने उपस्थित सभी जनों का आभार व्यक्त किया।











