डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल एवं टैबलेट की तस्करी करने वाले दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2640 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल तथा 600 नशीली टैबलेट बरामद की गई हैं।
बृहस्पतिवार को हर्रावाला चौकी क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण सिद्ध मंदिर रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की आकस्मिक जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश निवासी दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 2640 नशीले कैप्सूल तथा 600 नशीली टैबलेट बरामद हुईं।
प्रभारी निरीक्षक केके लूंठी ने बताया कि आरोपी संतोष सिंह (26) निवासी थाना सिंधौली, जनपद शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी केशवपुरी बस्ती, के कब्जे से 1680 नशीले कैप्सूल और जाकिर (30) निवासी थाना बेटागोकुल, जनपद हरदोई उत्तर प्रदेश हाल निवासी केशवपुरी बस्ती के कब्जे से 960 नशीले कैप्सूल तथा 600 नशीली टैबलेट बरामद की गईं।
कोतवाली ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है साथ ही, उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह उक्त प्रतिबंधित कैप्सूल एवं टैबलेट शाहजहांपुर के पुवायां कस्बे के मुख्य चौक स्थित एक मेडिकल स्टोर से खरीदकर लाए थे। इसके बाद इन नशीली दवाओं को विभिन्न स्थानों पर नए ग्राहकों को ऊंचे दामों पर बेचते थे।











