डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कोतवाली पुलिस ने रेशम माजरी पेयजल योजना के तहत अंबेडकर पार्क स्थित पंप हाउस और नलकूप से हुई चोरी का छह घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया स्टार्टर पैनल, सर्वो वोल्टेज स्टेबलाइजर, केबल सहित अन्य सामग्री बरामद की है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि बाल कुंवारी चौक, लालतप्पड़ के पास चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान रणजीत कुमार (20) और राजा (19), निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में देहरादून में रह रहे थे। वही, पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया है।














