डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों की ओर से जनपद चमोली के पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरिशंकर पोखरी के प्रतिभाशाली बालकों और समर्पित शिक्षकों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों और शिक्षकों को उनकी उपलब्धियों, मेहनत और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करना समाज की जिम्मेदारी है। बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने से नई पीढ़ी को आगे बढ़ने तथा समाज सेवा के लिए प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम संयोजक राजन गोयल ने कहा कि विद्यालय के बालकों और शिक्षकों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि समाज को प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और समर्पित शिक्षकों का निरंतर उत्साहवर्धन करना चाहिए, ताकि शिक्षा, संस्कार और सेवा की भावना को मजबूती मिल सके।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, डॉ. ममता कुमार और गुरुद्वारा प्रधान गुरदीप सिंह ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यालय परिवार को भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह के माध्यम से शिक्षा के प्रसार, समाज सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए लोगों को आगे आने का संदेश दिया गया।
इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता मनोज पाल, भाजपा जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत, उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, कांग्रेस नेता मनोज नौटियाल, पूर्व प्रधान राजकुमार राज, पुरुषोत्तम डोभाल, डबल सिंह भंडारी, पवन सैनी, सभासद सुरेश सैनी, ईश्वर रौथान, रविंद्र बेलवाल, ईश्वर अग्रवाल और विनय जिंदल, अवतार सिंह आदि मौजूद रहे।














