उत्तराखण्ड शासन के सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की अध्यक्षता में विभिन्न संगठनों द्वारा शासन के समक्ष रखी गई समस्याओं एवं मांगों पर विचार-विमर्श के लिए 24 अगस्त 2026 को दोपहर 12:00 बजे बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ द्वारा दिनांक 11 अगस्त 2026 को मा० मुख्यमंत्री जी को प्रेषित पत्रों में उठाए गए विषयों तथा संबंधित प्रकरणों पर विभागीय स्तर पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों से उनके स्तर पर लंबित एवं निस्तारण योग्य प्रकरणों के संबंध में अद्यतन आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है। बैठक में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, कृषि एवं कृषक कल्याण, विद्यालयी शिक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, आयुष एवं आयुष शिक्षा तथा संस्कृत शिक्षा सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। इसके अतिरिक्त महासंघ के अध्यक्ष व महामंत्री को भी बैठक में प्रतिभाग करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
कार्मिक एवं सतर्कता विभाग द्वारा संबंधित विभागों से अपेक्षा की गई है कि बैठक से पूर्व अपने विभागीय स्तर पर संबंधित संगठनों द्वारा प्रस्तुत मांग-पत्रों में उल्लिखित बिंदुओं पर आवश्यक विचार-विमर्श कर लिया जाए, ताकि बैठक में मांगों एवं समस्याओं के संभावित निराकरण/समाधान की अद्यतन स्थिति एवं स्पष्ट आख्या प्रस्तुत की जा सके।
शासन का उद्देश्य विभिन्न संगठनों द्वारा उठाए गए विषयों पर समुचित विचार-विमर्श करते हुए निस्तारण योग्य प्रकरणों के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है, उक्त बैठक आयोजित करने के लिए महासंघ पदाधिकारियों ने शासन द्वारा की गई पहल की सराहना की है।











