डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका की टीम ने बुधवार को सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान सड़क पर कूड़ा फेंकते हुए एक भवन ठेकेदार को पकड़ लिया। टीम ने मौके पर 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि अधिशासी अधिकारी एमएल शाह के निर्देश पर पालिका की टीम द्वारा भानियावाला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा था। इस दौरान एक भवन ठेकेदार द्वारा मकान निर्माण के दौरान निकलने वाला फर्नीचर, प्लास्टिक और अन्य सामग्री सड़क पर डाली जा रही थी। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। टीम में सफाई निरीक्षक संकेत कुमार, सुपरवाइजर तपस, अमित आदि शामिल रहे।











