डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत: विकसित भारत @2047’ विषय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शनिवार को दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि विधायक बृजभूषण गैरोला ने विभिन्नता में एकता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और शोध को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता भी बताई। विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड शासन के राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सुरजीत सिंह गांधी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए अभी कई क्षेत्रों में कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने शोध को महत्व देने और कौशल विकास पर आधारित शिक्षा व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने युवाओं के सपनों को साकार करने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही देश के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिव कुमार लाल ने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को विकास योजनाओं, विकास की प्रक्रिया और विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि निबंध, चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और विचारों को अभिव्यक्ति का अवसर मिलता है। उन्होंने ‘स्वस्थ युवा, सशक्त राष्ट्र’ का संदेश देते हुए कहा कि युवाओं के स्वस्थ रहने से ही राष्ट्र के विकास में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो सकती है। इस मौके पर प्राचार्य प्रो. देवेश भट्ट, प्रो. कंचन सिंह, प्रो. नवीन कुमार नैथानी, डॉ. अंजली वर्मा, डॉ. अखिलेश कुकरेती, डॉ. पल्लवी मिश्रा, डॉ. पार्वती रस्तोगी, डॉ. पूनम भूषण, डॉ. सीताराम नैथानी, डॉ. चन्द्रावती टम्टा, डॉ. चंद्रकला नेगी, डॉ. गुलनाज फातिमा और डॉ. भावना जोशी आदि मौजूद रहे।
______________________________________________________________________
*• प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा*
निबंध प्रतियोगिता में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर एमए प्रथम सेमेस्टर की पूनम मेहतो ने प्रथम, बीए तृतीय सेमेस्टर के नीरज कुमार ने द्वितीय और एमए प्रथम सेमेस्टर की ईशा नौटियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ‘विकसित भारत @2047 : मेरी कल्पना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की शिक्षा नौटियाल प्रथम, बीए तृतीय सेमेस्टर की पायल द्वितीय और निधि तृतीय स्थान पर रहीं। वही, पोस्टर प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की चारू ने प्रथम, बीए पंचम सेमेस्टर की जुबैदा ने द्वितीय और बीए प्रथम सेमेस्टर की सृष्टि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में जया ग्रुप ने प्रथम, भूमिका ग्रुप ने द्वितीय और अर्पिता ग्रुप ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में शिक्षा नौटियाल ने प्रथम, प्रियांशी ने द्वितीय और आयुषी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।














