डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के देहरादून एयरपोर्ट पर 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित यात्री सेवा अभियान-2026 का समापन हुआ। अभियान के तहत यात्री सुविधाओं में सुधार, स्वच्छता, सुरक्षा, सुगम्यता और बेहतर सेवा गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। अभियान के दौरान बैठने की व्यवस्था, संकेतक, पेयजल, बैगेज सेवाओं, पार्किंग और कतार प्रबंधन सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गई। साथ ही डिजीयात्रा और क्यूआर कोड आधारित डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुधार किए गए। दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। महिला स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित की गईं। स्वच्छता अभियान, शौचालयों का निरीक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित एयरपोर्ट की अवधारणा को प्रोत्साहित किया गया। सामुदायिक सहभागिता के तहत राजकीय बालिका निकेतन और राजकीय शिशु सदन के 30 से अधिक विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता जागरूकता सत्र, स्वच्छता शपथ, चित्रकला प्रतियोगिता और एयरपोर्ट भ्रमण का आयोजन किया गया। अभियान में यात्रियों की प्रतिक्रियाओं और शिकायतों के निस्तारण, कर्मचारियों के व्यवहार-कौशल प्रशिक्षण तथा चिकित्सा एवं आपातकालीन तैयारियों पर भी ध्यान दिया गया। इसके अलावा एयरलाइंस, सुरक्षा एजेंसियों और अन्य संबंधित पक्षों के बीच समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया। पर्यटन दिवस के अवसर पर स्थानीय कला, हस्तशिल्प, उत्तराखंड की लोक संस्कृति और ‘एक जिला, एक उत्पाद’ पहल को भी प्रोत्साहित किया गया। देहरादून एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक नितिन कुमार कादियान ने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुगम्यता और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के उच्च मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। समापन समारोह में अभियान के दौरान संचालित गतिविधियों और प्राप्त उपलब्धियों की समीक्षा की गई। इस दौरान यात्रियों की प्रतिक्रियाओं, प्रशंसापत्रों और सुविधाओं में किए गए सुधारों को प्रस्तुत किया गया। उत्कृष्ट सेवाभाव, विनम्रता और यात्री सुविधाओं के प्रति समर्पण दिखाने वाले अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों एवं संबंधित हितधारकों को सम्मानित किया गया। अभियान के दौरान किए गए सुधारों को निरंतर बनाए रखने के लिए आगे की कार्ययोजना पर भी जोर दिया गया। अभियान का समापन यात्रियों को सुरक्षित, सुगम, सुविधाजनक और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करने के संकल्प के साथ हुआ।














