
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भाजपा जिला महिला मोर्चा की ओर से मंगलवार को रानीपोखरी में लखपति दीदी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार से जोड़ने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। आवास, शौचालय, उज्ज्वला और लखपति दीदी जैसी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उत्तराखंड में भी महिलाओं को स्वरोजगार और स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा है।
जिला प्रभारी नेहा शर्मा ने कहा कि महिला मोर्चा का प्रयास है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक महिला तक पहुंचे। महिलाएं इन योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार से जुड़ें और आर्थिक रूप से मजबूत बनकर अपने परिवार को भी आगे बढ़ाएं।
जिला अध्यक्ष ममता नयाल ने कहा कि लखपति दीदी अभियान महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। महिलाएं स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें तथा अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, महिला सशक्तीकरण एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर चर्चा की गई। महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से विभिन्न उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए, जहां महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।
ऋषिकेश जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, कार्यक्रम संयोजक सुचिता रावत, ममता कोठियाल, प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, प्रीति थपलियाल, कुसुम सिद्धू, वंदना स्वामी, बबीता रावत, रश्मि देवी, पुष्पा प्रजापति, गीतांजलि रावत, सुशीला खत्री आदि मौजूद रहे।











