पिथौरागढ, 11 अगस्त 2026
जिला मुख्यालय स्थित
130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इको कुमाऊँ को पर्यावरण संरक्षण एवं वनीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित उत्तराखंड मुख्यमंत्री प्रशंसा पुरस्कार 2026 से आज देहरादून में सम्मानित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में इको टास्क फोर्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पौधारोपण के बाद उसके संरक्षण और संवर्धन के लिए जन समुदाय को भी सक्रिय भागीदारी अपनानी चाहिए। कहा कि कुमाऊँ क्षेत्र में निरंतर चलाए गए वनीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियानों के माध्यम से यूनिट ने हरित आवरण को बढ़ाने तथा पारिस्थितिक संतुलन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यूनिट के समर्पित प्रयासों और स्थानीय समुदायों की सक्रिय सहभागिता ने पर्यावरण संरक्षण को जमीनी स्तर पर एक प्रभावी जन-अभियान का स्वरूप प्रदान किया है।
उल्लेखनीय है कि कुमाऊ मण्डल में ईको टास्क फोर्स की दो यूनिट देहरादून और पिथौरागढ में कार्यरत है जो प्रतिवर्ष विभिन्न प्रजाति के आठ लाख से अधिक पौधों का रोपण करती है और पांच साल तक उन पौधों की देखरेख करती है।
मुख्यमंत्री प्रशंसा पुरस्कार – 2026, के तहत प्रशंसा पत्र 130 इको टास्क फोर्स, पिथौरागढ के कमांडेंट कर्नल गौरव नेगी और आनरेरी लेफ्टिनेंट कुलदीप सिंह ने प्राप्त किया।
यह सम्मान यूनिट की दृढ़ प्रतिबद्धता, अथक प्रयासों एवं हरित मिशन के प्रति समर्पण का गौरवपूर्ण प्रमाण है। किसान भूषण पुरस्कार प्राप्त पूर्व सूबेदार केशवदत्त मखौलिया, मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति, इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एण्ड एक्सप्लोरर्स समेत कई संगठनों ने ईको टास्क फोर्स को सम्मानित किए जाने पर खुशी व्यक्त की है।











