डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तराखंड राज्य किसान सैनिक एकता मंच के बैनर तले स्थानीय लोगों ने एमडीडीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए डोईवाला उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए लोगों ने विकास प्राधिकरण की ओर से की जा रही अनावश्यक कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। ज्ञापन में कहा गया कि एमडीडीए के गलत रवैये पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए ताकि आमजन को परेशानियों का सामना न करना पड़े। सामाजिक कार्यकर्ता दरपान सिंह बोरा और जरनैल सिंह ने कहा कि एमडीडीए की कार्यप्रणाली के कारण स्थानीय किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एमडीडीए द्वारा विकास एवं नक्शा पास करने के नाम पर भारी शुल्क लिया जा रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में धरातल पर कोई विकास कार्य दिखाई नहीं देता। उन्होंने मांग की कि निकाय क्षेत्रों की तर्ज पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी समान रूप से विकास कार्य कराए जाएं। इस दौरान अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह राणा, प्रेम सिंह पांचाल, उमेद बोरा, परमिंदर सिंह, मनोज नौटियाल, बलबीर सिंह, जितेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।











