डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर के प्रेमनगर बाजार स्थित गिरधारी लाल धर्मशाला में विधायक निधि से हुए कार्यों का लोकार्पण करते हुए क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि विकास तभी सार्थक होता है, जब उसका लाभ आम लोगों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि पूर्वजों की धरोहरों को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए। सभासद सुनीता सैनी ने बताया कि 76 वर्ष पुरानी धर्मशाला के संरक्षण एवं विकास के लिए विधायक निधि से पांच लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी, जिससे कराए गए कार्यों का लाभ भविष्य में लोगों को मिलेगा। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, लच्छीराम लोधी, अवतार सैनी, अश्विनी गुप्ता, राहुल घई, अशोक गुप्ता, पंकज बहुगुणा आदि मौजूद रहे।











