डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर के आबादी क्षेत्र में जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही से लोगों में भय का माहौल है। इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश कोठारी के नेतृत्व में लच्छीवाला रेंज कार्यालय पहुंचकर रेंज अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 के लच्छीवाला में जंगली हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही के कारण स्थानीय नागरिकों में भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है। हाथियों के झुंड अक्सर रिहायशी क्षेत्रों, खेतों तथा मुख्य मार्गों तक पहुंच जाते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
साथ ही, जान-माल के नुकसान की आशंका भी लगातार बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से मांग की कि हाथियों की निगरानी के लिए विशेष वन कर्मियों की तैनाती की जाए, आबादी क्षेत्रों में उनके प्रवेश को रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाएं, सोलर फेंसिंग की व्यवस्था की जाए तथा हाथियों के पारंपरिक मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा खाइयों (ट्रेंच) का निर्माण कराया जाए।
सभासद रीना कोठारी ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वन विभाग से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सकता है। इस दौरान चन्द्रप्रभा, सुनीता, अमिता, शकुन्तला, बबली, लक्ष्मी, आयुष और अकरम आदि मौजूद रहे।











