डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय भानियावाला एवं आंगनवाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मातृशक्ति एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया गया। साथ ही गोद भराई संस्कार की रस्म भी आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, चिकित्सक एवं शिक्षकों को उनके समर्पण और सेवाभाव के लिए सम्मानित किया गया। बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बेहतर भविष्य के साथ ही मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य और मातृशक्ति का सम्मान समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति, बच्चों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आत्मीय संवाद स्थापित कर जनसेवा की भावना को मजबूत करना है। इस मौके पर सभासद रविंद्र बेलवाल, विनीता पैन्यूली, आशा खाती, सरिता जोशी, सोमबाला, कुलवीर कौर, विमला भट्ट, कल्पना असवाल, मीनाक्षी खंडूड़ी, कंचन घनसाला आदि मौजूद रहे।











