*भानियावाला-ऋषिकेश हाईवे चौड़ीकरण से प्रभावित व्यापारियों के लिए सहायता राशि की मांग* डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार एवं चौड़ीकरण कार्य से प्रभावित दुकानदारों को टिहरी बांध परियोजना की तर्ज पर सहायता राशि दिए जाने की मांग को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा को ज्ञापन सौंपा गया। मंगलवार को डोईवाला नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नई दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि देहरादून जनपद में भानियावाला से ऋषिकेश तक राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य के कारण कई दुकानदार प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें विस्थापित होना पड़ रहा है। इससे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी और रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके लिए उचित सहायता एवं समाधान उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही, प्रभावित दुकानदारों को दुकान के बदले दुकान देने तथा उचित मुआवजा प्रदान किए जाने की भी मांग की गई। इस मौके पर पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम डोभाल, सभासद सुरेश सैनी, संजय चमोली, कमल गोला आदि मौजूद थे।











