
पिथौरागढ़, 15 अगस्त।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पिथौरागढ़ पेडलर्स द्वारा 15 किलोमीटर से अधिक की साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से युवाओं ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और अनुशासित साइकिलिंग का संदेश दिया।
पिथौरागढ़ पेडलर्स की टीम इससे पूर्व भी बीते सप्ताह 60 किलोमीटर से अधिक की साइकिल यात्रा पूरी कर चुकी है। समूह द्वारा लगातार आयोजित की जा रही साइकिलिंग गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार साइकिलिंग के लिए प्रेरित करना है।
15 अगस्त को आयोजित इस साइकिल रैली में अंशुमान बोहरा, कुणाल चंद, अभिषेक राजन, पारस चंद, दीपेश कापड़ी, उमेश कुमार तथा लोकेश शर्मा ने प्रतिभाग किया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर एवं यातायात नियमों का पालन करते हुए अनुशासित तरीके से साइकिलिंग की। उन्होंने संदेश दिया कि साइकिलिंग न केवल स्वस्थ जीवनशैली का माध्यम है, बल्कि स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
पिथौरागढ़ पेडलर्स ने स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जोड़ते हुए इस आयोजन के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन किया।
इंटर कॉलेज बीसाबजेड में प्रसिद्ध रंगकर्मी जनार्दन उप्रेती “जन्नू दा” और लोकगायक सुरेश प्रसाद सुरीला की प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। स्कूल प्रांगण में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिला पंचायत सदस्य राकेश चन्द ने स्कूल को पचास कुर्सी और पचास टेबल भेंट करने की घोषणा की। समारोह में मुख्य अतिथि जगदीश चंद, लोकपाल जगदीश कलौनी, प्रधानाचार्य अशोक कुमार, स्कूल प्रबंधक चंद्री चंद, दीपा तिवारी, जिला पंचायत सदस्य राकेश चन्द, पीटीए अध्यक्ष ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह घोटा, सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र सिंह घोटा, पूर्व अर्द्धसैनिक बल के अध्यक्ष जगत सिंह सौन, शिक्षाविद मोहन चंद आदि ने विचार रखे। संचालन रमेश चन्द रजवार ने किया।










