डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एक मदद ब्लड ग्रुप समिति डोईवाला के रक्तवीर सैफ खान ने जरूरतमंद महिला मरीज के लिए एसडीपी प्लेटलेट्स दान कर मानवता की मिसाल पेश की। समिति के अध्यक्ष साकिर हुसैन को सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश निवासी दया देवी हिमालयन हॉस्पिटल, जौलीग्रांट में उपचाराधीन हैं और बोन मैरो ट्रांसप्लांट के बाद उन्हें तत्काल एसडीपी प्लेटलेट्स की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही सैफ खान, साकिर हुसैन के साथ हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट के ब्लड बैंक पहुंचे। सैफ खान ने मरीज दया देवी के लिए एसडीपी प्लेटलेट्स का स्वैच्छिक दान किया। एक अनजान मरीज की मदद के लिए वह करीब तीन घंटे तक ब्लड बैंक में रहे और अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल किसी की जान बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता, संवेदनशीलता और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। बता दें कि एक मदद ब्लड ग्रुप समिति डोईवाला जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए लगातार कार्य कर रही है। समिति की ओर से युवाओं और आम नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को रक्त और एसडीपी प्लेटलेट्स उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाता है। समिति के अध्यक्ष साकिर हुसैन ने रक्तवीर सैफ खान के सेवा कार्य के लिए आभार जताते हुए कहा कि समाज में ऐसे रक्तवीरों की जरूरत है, जो बिना किसी पहचान और स्वार्थ के जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।










