हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली । थराली -देवाल-मंदोली-वांण मोटर मार्ग के किलोमीटर 43 में बुरूकोट गधेरे में पुल निर्माण का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। करीब आठ साल से पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक पुल का निर्माण कार्य शुरू नही हो पाया हैं,जिस पर वांण गांव के साथ ही क्षेत्रीय जनता ने रोष व्यक्त किया हैं।
थराली विधानसभा क्षेत्र के देवाल–वांण मोटरमार्ग के किलोमीटर 43 स्थित बुरूकोट गधेरे में करीब आठ वर्षों से पुल निर्माण का इंतजार किया जा रहा है।
पुल नहीं होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले लाटू भक्तों व पर्यटकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर बरसात के दौरान गधेरे में पानी का जलस्तर बढ़ने पर यहां से आवाजाही करना जोखिम भरा हो जाता है।ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण की मांग को लेकर पिछले आठ वर्षों से लगातार शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से गुहार लगाई जा रही है। कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
वांण के सामाजिक कार्यकर्ता हीरा सिंह गढ़वाली का कहना है कि इन आठ वर्षों के दौरान मांग के बावजूद भी पुल का निर्माण कार्य शुरू ना हों पाना दुर्भाग्य पूर्ण हैं उन्होंने तत्काल पुल निर्माण की मांग करते हुए जन आंदोलन की चेतावनी दी है।











