डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सामाजिक सरोकारों, साहित्य, संस्कृति, शिक्षा और जनचेतना को समर्पित मासिक पत्रिका साईं सृजन पटल के 25वें अंक का विमोचन पूर्व उप महाधिवक्ता हर्षमणि रतूड़ी ने किया। उन्होंने पत्रिका के निरंतर प्रकाशन और समाजोपयोगी विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत करने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि साहित्य और पत्रकारिता समाज को सकारात्मक दिशा देने के सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में ऐसी साहित्यिक एवं सामाजिक पत्रिकाओं की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है, जो समाज के सकारात्मक पक्षों, लोक-संस्कृति, शिक्षा, पर्यावरण तथा जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ पाठकों तक पहुंचाएं। पत्रिका का 25वें अंक तक पहुंचना उसके संपादकीय संकल्प, पाठकों के विश्वास और सभी रचनाकारों के सहयोग का प्रमाण है। संस्थापक डॉ केएल तलवाड़ ने कहा कि साईं सृजन पटल केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि साहित्य, संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और सकारात्मक विचारों को जोड़ने वाला एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि 25वें अंक का प्रकाशन पत्रिका की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उपसंपादक अंकित तिवारी ने कहा कि पत्रिका का उद्देश्य केवल सामग्री का प्रकाशन करना नहीं, बल्कि विचारों का ऐसा सकारात्मक संवाद स्थापित करना है, जो समाज में जागरूकता, संवेदनशीलता और रचनात्मक परिवर्तन की प्रेरणा दे। इस अवसर पर लेखिका नीलम तलवाड़, अक्षत भी आदि रहे।











