
देहरादून, (प्रियांशु सक्सेना)। एसडीआरएफ उत्तराखंड ने भटिंडा में आयोजित क्षेत्रीय स्तर की सीबीआरएन (रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रतियोगिता में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की पांच टीमों ने प्रतिभाग किया था।
उत्तराखंड एसडीआरएफ की टीम ने बेहतर समन्वय, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में 19 सदस्यीय टीम ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। उप निरीक्षक पुष्कर सिंह जीना ने टीम में सुरक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई।
टीम के सदस्यों ने कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और पेशेवर कौशल के दम पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आयोजित इसी प्रतियोगिता में उत्तराखंड एसडीआरएफ ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। पिछले वर्ष के अनुभवों से सीख लेते हुए टीम ने इस बार अपनी तैयारियों को और मजबूत किया, जिसका परिणाम क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम स्थान के रूप में सामने आया।
क्षेत्रीय प्रतियोगिता में जीत के बाद अब उत्तराखंड एसडीआरएफ की टीम नवंबर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। इसमें अन्य क्षेत्रों की विजेता टीमें भी हिस्सा लेंगी। टीम का लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल करना और उत्तराखंड पुलिस का नाम रोशन करना है।
प्रतियोगिता में उप निरीक्षक संतोष परिहार, उप निरीक्षक पुष्कर सिंह जीना, हेड कांस्टेबल उमेश भट्ट, कांस्टेबल नीरज परगई, कांस्टेबल प्रदीप लसियाल, कांस्टेबल हरीश गोस्वामी, हेड कांस्टेबल नवीन कुँवर, कांस्टेबल संदीप रावत, कांस्टेबल विकास कुमार, कांस्टेबल बृजेश चंद्र, हेड कांस्टेबल रोबिन सिंह, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल हेमंत सिंह, कांस्टेबल गुड्डू कुमार, कांस्टेबल गब्बर सिंह, कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह, कांस्टेबल सागर कुमार और कांस्टेबल जगजीत सिंह शामिल रहे।














