डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बड़ासी भोपालपानी में रविवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें युवाओं से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। वक्ताओं ने पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश एवं केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की। कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि शिक्षा और रोजगार किसी भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन वर्तमान नीतियों के कारण छात्रों और युवाओं में निराशा बढ़ रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार उनकी अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख रायपुर अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और युवा स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की समस्याओं को सड़क से सदन तक उठाने के साथ उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सरकार से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक मुक्त परीक्षाएं कराने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा सभी भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन को और व्यापक करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं के कारण कई अभ्यर्थियों ने आत्महत्या जैसे कदम उठाए हैं, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की नीतियों पर है। इस अवसर पर कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश सचिव सागर मनवाल, डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, मनोज नौटियाल, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, नगर अध्यक्ष करतार नेगी, सुनील थपलियाल, प्रधान राहुल मनवाल, प्रकाश नेगी, गौरव बिष्ट आदि लोग उपस्थित रहे।











