डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सामाजिक कार्यकर्ता आदर्श राठौर की शिकायत पर वन विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। उन्होंने थानों वन रेंज के रामनगर डांडा–जौलीग्रांट एयरपोर्ट मार्ग, प्राचीन भुईया मंदिर तथा हिमालयन अस्पताल को जोड़ने वाले वन क्षेत्र में फैले प्लास्टिक, पॉलीथिन, पानी की बोतलों एवं अन्य कचरे का मुद्दा उठाया था।
जनहित से जुड़े इस मामले के सामने आने के बाद वन विभाग ने संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण कर विशेष सफाई अभियान चलाया। विभागीय टीम ने वन क्षेत्र में फैले कचरे को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया। आदर्श राठौर ने बताया कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट, प्राचीन भुईया मंदिर एवं हिमालयन अस्पताल को जोड़ने वाला यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, श्रद्धालु, पर्यटक तथा मरीज आवागमन करते हैं। ऐसे में क्षेत्र की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं पर्यटकों से अपील की कि वे वन क्षेत्रों में प्लास्टिक एवं अन्य कचरा न फैलाएं तथा स्वच्छ एवं हरित उत्तराखंड के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। साथ ही उम्मीद जताई कि वन विभाग भविष्य में भी नियमित सफाई अभियान जारी रखेगा और मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर कूड़ेदानों की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा, ताकि दोबारा गंदगी की समस्या उत्पन्न न हो।











