
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। रेलवे रोड स्थित आर्य समाज मंदिर डोईवाला के वार्षिक चुनाव वर्ष 2026–27 शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव में सर्वसम्मति से लगातार दूसरी बार संजय सक्सेना को प्रधान चुना गया। नवनियुक्त प्रधान ने कहा कि वे आर्य समाज के सिद्धांतों एवं वैदिक विचारधारा के प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देंगे।
रविवार को आयोजित चुनाव आर्य उप प्रतिनिधि सभा देहरादून के प्रधान अशोक कुमार वर्मा तथा उपप्रधान रमेश भारती की देखरेख में संपन्न हुए। नई कार्यकारिणी में प्रधान पद पर संजय सक्सेना तथा मंत्री पद पर विकास धीमान को चुना गया। इसके अलावा उपप्रधान पद पर मनीष वत्स एवं ओकेश चौहान, उप मंत्री वेद प्रकाश धीमान, कोषाध्यक्ष जयदेव धीमान, पुस्तकालयाध्यक्ष मीना सावन, आर्यवीर पद पर अजय सक्सेना, लेखा निरीक्षक यशपाल आर्य तथा कानूनी सलाहकार पद पर मनीष धीमान को चुना गया।
प्रांतीय प्रतिनिधि के रूप में सुरेंद्र वर्मा एवं मनीष वत्स तथा जिला प्रतिनिधि के रूप में ओकेश चौहान एवं सुरेंद्र वर्मा को चुना गया। वहीं, अंतरंग सदस्य के रूप में अनीता वर्मा, रजनी गोस्वामी, सुरेंद्र, पिंकी देवी और धर्मेंद्र को जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त प्रधान संजय सक्सेना ने कहा कि वे आर्य समाज की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाजहित में निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, नारी सशक्तिकरण, युवाओं में नैतिक मूल्यों के विकास, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा संवर्धन जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही आर्य समाज के माध्यम से सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित की भावना को सशक्त करने तथा युवाओं को वैदिक संस्कृति एवं नैतिक जीवन मूल्यों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आर्य समाज के सिद्धांतों तथा महर्षि दयानंद सरस्वती के आदर्शों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नरेंद्र वर्मा, अर्चना सक्सेना, नेत्रपाल रोहिला, निधि सक्सेना, सुदेश देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।











