देहरादून, (प्रियांशु सक्सेना)। शिव जूनियर हाई स्कूल, मालदेवता में कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए ‘सिविक सेंस’ (नागरिक चेतना) विषय पर जागरूकता एवं संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नागरिक जिम्मेदारियों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों की बचत और सामाजिक व्यवहार के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का संचालन उत्तराखंड यूथ नेटवर्क की कार्यकर्ता हिमांशी और हिमांशु ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बताया कि जिम्मेदार नागरिक बनने की शुरुआत छोटी-छोटी दैनिक आदतों से होती है। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाना, पानी और बिजली की बचत करना, विद्यालय एवं सार्वजनिक संपत्ति की देखभाल करना तथा स्वच्छता बनाए रखना नागरिक चेतना का हिस्सा है। सत्र के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न संवादात्मक गतिविधियों में शामिल किया गया। उनसे उनके दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरण पूछे गए और यह समझाने का प्रयास किया गया कि वे घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किस प्रकार कर सकते हैं।।इस दौरान विशेष लिखित गतिविधि भी कराई गई। विद्यार्थियों ने स्वच्छता रखने, कचरा इधर-उधर न फेंकने, पानी-बिजली की बचत करने और विद्यालय की संपत्ति की देखभाल करने जैसी अच्छी आदतों को अपनाने का संकल्प व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और नागरिक व्यवहार के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में अनुशासन, जिम्मेदारी और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने में सहायक होते हैं। उत्तराखंड यूथ नेटवर्क की ओर से कहा गया कि बच्चों में शुरुआती स्तर से नागरिक चेतना विकसित करना बेहतर और जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।














