डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका डोईवाला की बोर्ड बैठक बृहस्पतिवार को पालिका सभागार में अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम पिछली बोर्ड बैठक के 10 अप्रैल के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। इसके बाद 16 मुख्य प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्य प्रस्तावों में वर्ष 2026-27 के आय-व्यय एवं पुनरीक्षित बजट की स्वीकृति, स्वच्छता वाहिनियों के अनुबंध का विस्तार, पालिका के कैफेटेरिया की नीलामी के संबंध में प्रीमियम राशि में संशोधन, लाइब्रेरी को किराये पर दिए जाने, पालिका द्वारा कराए जाने वाले प्रस्तावित निर्माण कार्यों की स्वीकृति, नगर क्षेत्र में हाईमास्ट एवं सेमी हाईमास्ट लगाए जाने तथा भवनों, दुकानों, सड़कों और नालियों आदि का जीआईएस सर्वेक्षण कराए जाने के प्रस्ताव शामिल रहे। इसके अलावा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए सात वाहन खरीदने, पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट एवं अन्य सामग्री खरीदने, सफाई व्यवस्था के लिए उपकरण एवं सामग्री खरीदने, कार्यालय के लिए फर्नीचर खरीदने, आमजन को पॉलीथीन का उपयोग न करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खादी एवं कपड़े के बैग वितरित करने, पालिका क्षेत्र में दो आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के संचालन के लिए निविदा आमंत्रित करने, नगर क्षेत्र में बंदरों के आतंक से आमजन को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने, दशहरा ग्राउंड में दो सेमी हाईमास्ट लाइट लगाने तथा पालिका द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की कार्योत्तर स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव भी पारित किए गए। इन 16 मुख्य प्रस्तावों के अतिरिक्त अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई। इसमें भानियावाला एवं डोईवाला क्षेत्र में स्थल चयन कर पार्कों का निर्माण कराने, कार्यालय के लिए जनरेटर खरीदने, सभागार के लिए दो एसी एवं साउंड सिस्टम खरीदने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन उपविधि-2026 तैयार करने तथा वार्ड छह में मिनी ट्यूबवेल अधिष्ठापन के लिए उत्तराखंड जल संस्थान द्वारा दिए गए 27.79 लाख रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में सभासद गौरव मल्होत्रा ने शहीदों के नाम पर शहीद द्वारों का निर्माण कराने एवं डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सेवा में सुधार की मांग की। सभासद संदीप नेगी ने विद्युत पोलों पर नंबरिंग कराने, सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने तथा ठेका कर्मचारियों को उनके हितलाभ दिलाने की मांग रखी। सभासद प्रदीप नेगी ने झाड़ियों की कटाई कराने और वार्डों में गलियों के नंबर संबंधी साइनेज लगाने, सभासद सुशीला सैनी ने पालिका के ट्रेंचिंग ग्राउंड में एकत्र कूड़े का प्रतिदिन उठान एवं सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। सभासद सुरेश सैनी ने तहसील परिसर के पास स्थित पालिका की दुकानों के आसपास से अतिक्रमण हटाने तथा आर्यनगर में फ्लाईओवर के पास स्थित चौक का नाम महर्षि वाल्मीकि चौक रखने की मांग की। सभासद अरुण सोलंकी ने वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी। सभासद प्रियंका मनवाल ने वार्ड सभासदों को स्टेशनरी एवं अन्य व्यय के लिए 15 हजार रुपये मासिक भत्ता दिए जाने की मांग की। सभासद राजेश भट्ट ने वार्डों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा बंद नालियों की सफाई कराने की मांग रखी। सभासद ईश्वर सिंह रौथाण ने वार्डों में नशे की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा कूड़ा वाहनों की संख्या बढ़ाने की मांग की। सभासद अमित कुमार ने वार्ड में प्रतिदिन कूड़ा उठान की व्यवस्था करने और दशहरा ग्राउंड में लगने वाली दुकानों से होने वाली आय पालिका द्वारा प्राप्त किए जाने की मांग रखी। सभासद सुरेंद्र कुमार लोधी ने प्रेमनगर बाजार एवं डोईवाला चौक पर कूड़ा डाले जाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। सभासद विनीत ने मारखमग्रांट से पालिका क्षेत्र में सम्मिलित इलाकों के परिवार रजिस्टर ग्राम पंचायत मारखमग्रांट से प्राप्त करने की मांग रखी। वही, सभासद सुनीता सैनी ने वार्ड के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, सभासद जमना देवी ने घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों को हटाने तथा सभासद रीना कोठारी ने वार्ड में आवारा पशुओं की रोकथाम की मांग की। इसके साथ ही फ्लाईओवर के नीचे उपलब्ध स्थान पर पार्क निर्माण एवं वार्ड में ओपन जिम स्थापित करने की मांग भी रखी गई। सभासदों की मांगों पर सदन में विचार-विमर्श के बाद सभी प्रस्ताव पारित किए गए। इस मौके पर नामित सभासद सरिता जोशी, रविंद्र बेलवाल, सोनू गोयल, मनीष क्षेत्री, पुष्कर सिंह नेगी, अधिशासी अधिकारी एमएल शाह, लेखाकार सतीश चमोली, कर एवं राजस्व अधीक्षक रविंद्र सिंह पंवार, अवर अभियंता अखिलेश खंडूड़ी, आशीष थपलियाल, मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत, सफाई निरीक्षक संकेत कुमार आदि मौजूद रहे।














