डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन उत्तराखंड के आह्वान पर प्रदेशभर के शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी 13 सितंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में शामिल होंगे। आंदोलन के माध्यम से कर्मचारी पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग सरकार तक मजबूती से पहुंचाएंगे। आंदोलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी देहरादून पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे। संगठन के गढ़वाल मंडल मीडिया प्रभारी चेतन प्रसाद कोठारी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सेवानिवृत्त जीवन की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। नई पेंशन व्यवस्था के कारण कर्मचारियों में भविष्य को लेकर असुरक्षा की भावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की भावनाओं को समझते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने प्रदेश के सभी शिक्षक-कर्मचारियों से 13 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। बताया कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है। कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ी पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।











