
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला के जौलीग्रांट सेक्टर के अंतर्गत घमंडपुर मनपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बुधवार को राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। इस दौरान कार्यक्रम को पोषण मेले के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोद भराई एवं अन्नप्राशन की रस्म भी कराई गई। साथ ही उत्तराखंडी पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मानसी खत्री रहीं। विभाग की सुपरवाइजर अनीता पटवाल एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुशीला खत्री ने महिलाओं एवं किशोरियों को जागरूक करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, बाल पलाश योजना, महिला पोषण योजना, आंचल अमृत योजना, एकल महिला स्वरोजगार योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, एसएनपी (सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन प्रोग्राम) एवं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना समेत अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में दीपा देवी, रीमा देवी, मंजू देवी, पूनम देवी, सरोज देवी, नीलम देवी, अंजली, वंदना, सरिता आदि मौजूद रहीं।











