
पिथौरागढ, 10 सितंबर 2026
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कनारीपाभैं के कक्षा 6 मे पढ़ने वाले छात्र आदित्य ऐरी और तनीषा मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित हुए. वहीं राजकीय जूनियर हाईस्कूल पापला में सौरव कलौनी ने सफलता प्राप्त की। बच्चों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों ने स्कूल के सभी बच्चों के साथ मिलकर फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया और मिष्ठान वितरण किया. सम्मान समारोह मे बोलते हुए एसएमसी अध्यक्ष सुनीता देवी द्वारा विद्यालय के बच्चों द्वारा लगातार किए जा रहे उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता जाहिर की. उन्होंने कहा कि विद्यालय में कार्यरत अध्यापकों के लगातार कठिन परिश्रम से कनारीपाभे के अत्यंत गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले बच्चे लगातार इस प्रकार की प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफल हो रहे हैं. प्राथमिक विद्यालय की एसएमसी अध्यक्ष मोनिका देवी द्वारा गांव के अन्य अभिभावकों से भी अपने बच्चों को गांव के सरकारी विद्यालय में डालने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि दोनों विद्यालयों के अध्यापकों के समेकित प्रयास से अब तक इस विद्यालय से छः बच्चे मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा को पास कर चुके हैं तथा कुल 9 बच्चे NMMSS परीक्षा पास कर चुके हैं. विद्यालय के बच्चों की इस प्रकार की उपलब्धि को देखते हुए कई बच्चे निजी विद्यालयों को छोड़ इस विद्यालय मे प्रवेश ले चुके हैं. इस परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर अब इन दोनों बच्चों को राज्य सरकार की ओर से कक्षा 8 पास होने तक कुल 25200 की धनराशि प्रदान की जाएगी. स्वागत समारोह में विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरीश चंद्र जोशी, विज्ञान अध्यापक नरेश पुनेठा,सहायक अध्यापक बलवंत सिंह भंडारी, प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गीता प्रसाद, सहायक अध्यापिका भावना मेहता, एस एम सी अध्यक्ष मोनिका देवी, आँगनवाड़ी कार्यकर्ती ज्योति ऐरी. रिंकी देवी, ममता देवी,सुमन देवी, प्रियंका देवी आदि अभिभावक उपस्थित थे।
राजकीय जूनियर हाईस्कूल पापला के छात्र सौरव कलौनी ने भी छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण की है। गडार पापला के ग्रामीणों ने छात्र सौरव की सफलता के लिए स्कूल की प्रधानाचार्य श्रीमती निरंजना गुरुरानी, शिक्षक भूपेश पंत को श्रेय देते हुए स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया। श्रीमती गुरुरानी ने अभिभावकों से अपील की है कि अपने पाल्यों को सरकारी स्कूल में भेजें और सरकार प्रदत्त सुविधाओं का लाभ लें।











