डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। गणपति बप्पा के आगमन से पहले डोईवाला के बाजारों में भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमाओं की दुकानें सज गई हैं। विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों में तैयार गणेश प्रतिमाएं श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही हैं। बाजार में पांच इंच से लेकर सात फीट तक ऊंची प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। इनमें सिंहासन पर विराजमान गणपति की प्रतिमाओं की विशेष मांग बनी हुई है।
मूर्ति कलाकार भीमा, गंगाराम और विद्या देवी ने बताया कि श्रद्धालुओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष गणेश प्रतिमाओं को नए रंगों और डिजाइनों में तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि पंडालों के लिए बड़ी प्रतिमाओं की बुकिंग करीब दो माह पहले से ही शुरू हो गई थी। 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी और 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा होने के चलते दोनों पर्वों के लिए प्रतिमाओं के ऑर्डर मिल चुके हैं।
कलाकारों के अनुसार बड़ी गणेश प्रतिमाओं की कीमत करीब 10 से 12 हजार रुपये तक है, जबकि छोटी प्रतिमाओं की कीमत 300 रुपये से शुरू हो रही है। प्रतिमाओं को तैयार करने में पर्यावरण अनुकूल सामग्री और प्राकृतिक रंगों के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है, ताकि विसर्जन के दौरान प्रतिमाएं पानी में अपेक्षाकृत आसानी से घुल सकें और पर्यावरण पर कम प्रभाव पड़े।
मूर्ति कलाकार भीमा ने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 30-35 वर्षों से मूर्ति निर्माण के कारोबार से जुड़ा हुआ है। प्रतिमाओं को तैयार करने का काम कई महीने पहले ही शुरू कर दिया जाता है। ऋषिकेश रोड स्थित गुरुद्वारे के समीप उनके कार्यस्थल पर विभिन्न आकार और आकर्षक डिजाइनों की गणेश एवं भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं।











