डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। दून–हरिद्वार हाईवे स्थित लच्छीवाला टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों के फ्री पास नहीं बनाए जाने और टोल कर्मियों पर आमजन से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को डोईवाला तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने बताया कि टोल प्लाजा के कर्मियों द्वारा स्थानीय लोगों के फ्री पास नहीं बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा आए दिन लोगों के साथ मारपीट व गाली-गलौज की शिकायतें सामने आती रहती हैं। उन्होंने कहा कि नियमानुसार टोल प्लाजा के 15 किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्थानीय लोगों को निर्धारित शर्तों के तहत टोल में छूट की सुविधा मिलनी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों को नियमानुसार फ्री पास की सुविधा उपलब्ध कराने और टोल कर्मियों के कथित दुर्व्यवहार पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, मनोज नौटियाल, राहुल सैनी, मुकेश प्रसाद, सुनील थपलियाल, बालू सजवान, उमेद वोरा, आरिफ अली, प्रवीण सैनी, तेजपाल सिंह, अनुज कन्नौजिया, विवेक सैनी, राहुल आर्य आदि मौजूद रहे।











