डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट को ज्ञापन सौंपा। बताया गया कि महाविद्यालय परिसर, सभी भवनों और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, पेयजल की उचित व्यवस्था तथा बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की गई। इसके साथ ही छात्राओं की सुविधा के लिए महाविद्यालय में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाने की मांग भी उठाई गई। प्राचार्य ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मोहित डंगवाल ने कहा कि महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए एबीवीपी सदैव तत्पर रहती है और आगे भी उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी। ज्ञापन देने वालों में छात्र नेता प्रिंस शर्मा, दीपक नौटियाल, वंशिका, रोहन, जितेंद्र सिंह, पलक, ध्रुव कनौजिया, छात्रसंघ अध्यक्ष अमित कुमार, कोषाध्यक्ष दुर्गा, अभिनव गोपाल राणा और अक्षत ट्यूटोरिया आदि शामिल रहे।











